तमिलनाडु: मदुरै में डिवाइडर से टकराकर दूसरे वाहन से टकराई बस, 6 की दर्दनाक मौत
तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार सुबह मदुरै-तिरुचि राजमार्ग पर करंगलकुडी के पास एक दर्दनाक बस हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे यह हादसा हुआ। मर्थंडम की तरफ जा रही एक ओमनी बस बेकाबू हो गई। बस डिवाइडर पार करती हुई तिरुचि जा रही तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (TNSTC) की बस से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि TNSTC की बस पलट गई।
19 घायलों की हालत गंभीर
हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनमें दोनों बसों के यात्री और एक स्थानीय व्यक्ति भी शामिल था जो शेल्टर के पास मौजूद था। 19 घायल लोग अभी भी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं, जबकि अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह भीषण हादसा कैसे हुआ। जिला कलक्टर समेत कई स्थानीय अधिकारी अस्पतालों में जाकर घायलों से मिले और उनका हाल जाना। मौके पर बचाव दल तुरंत पहुंच गए और घायलों को मदद पहुंचाई।