महाराष्ट्र: बीड में सड़क पर बने गड्ढों से अनियंत्रित हुई कार बस से टकराई, 5 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के बीड में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 11 साल के एक बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई। यह घटना खामगांव-पंढरपुर हाईवे पर हुई। बताया जा रहा है कि एक कार सड़क पर मौजूद गड्ढों से बचने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और शिंदवाड़ी क्रॉस रोड पर सामने से आ रही एक राज्य परिवहन की बस से सीधे जा टकराई।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद माजलगांव में सड़क जाम
हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोग माजलगांव के रहने वाले थे और तुलजापुर जा रहे थे। इस दुर्घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। सड़क की खराब हालत से नाराज स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी सड़क जाम कर दी। उन्होंने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस प्रदर्शन के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। बाद में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बात की और मामला शांत कराया।