एक्सिस बैंक के फ्रीचार्ज को पेमेंट एग्रीगेटर के तौर पर मिली RBI से मंजूरी
क्या है खबर?
एक्सिस बैंक के डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फ्रीचार्ज पेमेंट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इसके तहत, कंपनी वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में ऑनलाइन और फिजिकल दोनों श्रेणियों में पेमेंट एग्रीगेटर के तौर पर काम कर सकेगी। यह मंजूरी ऐसे समय में मिली, जब बैंक अपने डिजिटल पेमेंट कारोबार का विस्तार कर रहा है। उसने तिमाही में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) लेन-देन मात्रा में सालाना 34 फीसदी की वृद्धि की है।
प्रदर्शन
डिजिटल भुगतान में बेहतर रहा प्रदर्शन
तिमाही नतीजों के अनुसार, दूसरी तिमाही में UPI पेयर पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर (PSP) सेगमेंट में एक्सिस बैंक ने लेन-देन मात्रा के हिसाब से लगभग 38 फीसदी बाजार हिस्सेदारी बनाए रखी।
साथ ही, शीर्ष 50 UPI रेमिटर सदस्यों में इसका तकनीकी विफलता दर (टेक्निकल डिक्लाइन रेट) सबसे कम रही।
इस तिमाही के दौरान, बैंक के व्यक्तिगत ग्राहकों द्वारा किए गए कुल वित्तीय लेन-देन में डिजिटल लेन-देन की हिस्सेदारी 98 फीसदी रही, जो डिजिटल माध्यमों की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है।
ऐप
ऐप के उपयोग में भी हो रही बढ़ोतरी
बैंक के मोबाइल ऐप 'एक्सिस मोबाइल' के लगभग 1.6 करोड़ मासिक सक्रिय यूजर्स थे, जिनमें लगभग 1.2 करोड़ ऐसे यूजर्स शामिल थे, जो एक्सिस बैंक के ग्राहक नहीं थे।
बैंक ने अपने मर्चेंट पेमेंट कारोबार का विस्तार भी जारी रखा। अगस्त तक के RBI आंकड़ों के अनुसार, टर्मिनल एक्वायरिंग में इसकी बाजार हिस्सेदारी लगभग 25.7 फीसदी थी।
फ्रीचार्ज को मिली मंजूरी बैंक के डिजिटल पेमेंट ऑपरेशंस में एक अहम कदम है।