एक्स अब भद्दे और भ्रामक विज्ञापनों पर लगाएगा रोक, एलन मस्क ने दी चेतावनी
क्या है खबर?
एलन मस्क ने कहा है कि एक्स ऐसे विज्ञापनदाताओं को रोक देगा, जिनके विज्ञापन देखने में खराब हैं, बहुत ज्यादा आक्रामक हैं या अपने उत्पादों के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर दावे करते हैं। इससे विज्ञापनों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनमें दिए गए संदेश पर भी ध्यान केंद्रित हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो विज्ञापनदाता प्लेटफॉर्म के सौंदर्य और प्रस्तुति संबंधी मानकों को पूरा नहीं कर पाते हैं, वे इसकी विज्ञापन सेवाओं का उपयोग करने का अधिकार खो सकते हैं।
चेतावनी
ऐसे विज्ञापनों पर लगेगी रोक
मस्क ने एक पोस्ट में लिखा, "जो विज्ञापनदाता ऐसे विज्ञापन पोस्ट करते हैं, जो भद्दे, बहुत शोर वाले, कर्कश हैं या अपने उत्पाद के बारे में बढ़ा-चढ़ाकर दावे करते हैं, उन्हें विज्ञापन देने से रोक दिया जाएगा।"
इस घोषणा ने एक्स के विज्ञापन एजेंडे में 'क्रिएटिव क्वालिटी' को एक अहम जगह दी है।
जहां विज्ञापनदाता सही दर्शकों तक पहुंचने, कैंपेन का बजट तय करने और परफॉरमेंस ध्यान देते हैं, वहीं प्लेटफॉर्म यह देखता है कि कोई विज्ञापन कैसा दिखता है?
अस्पष्टता
बयान में नियमों को लेकर अस्पष्टता
पोस्ट में क्रिएटिव गुणवत्ता के लिए किसी नई स्कोरिंग प्रणाली का जिक्र नहीं है।
यह नहीं बताया है कि नियमों के उल्लंघन का आकलन कैसे किया जाएगा और न ही यह स्पष्ट किया है कि क्या विज्ञापनदाताओं को प्रतिबंधित करने से पहले चेतावनी दी जाएगी।
इस बयान से यह भी साफ नहीं होता कि क्या प्लेटफॉर्म कोई अलग नीति ला रहा है या फिर अपने मौजूदा विज्ञापन नियमों में पहले से तय मानकों को ही और मजबूत कर रहा है।