असम में विनाशकारी बाढ़ की चपेट में आए 3 जिले, सेना और वायुसेना तैयार
ऊपरी असम में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जोरहाट, शिवसागर और चाराइदेव जिलों में भीषण बाढ़ ला दी है। नदियों का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और उसने कई गांवों, घरों, स्कूलों के साथ-साथ खेतों को भी पूरी तरह जलमग्न कर दिया है। जोरहाट के बोरीगांव में तटबंध टूट गया है, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया है और वहां के परिवार अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
असम सरकार ने राहत अभियान तेज किया
शिवसागर के खेत पानी में डूब गए हैं, वहीं चाराइदेव में सड़कें और रेल पटरियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं। असम सरकार ने आपदा प्रबंधन टीमों के साथ मिलकर राहत अभियान तेज कर दिया है, जो लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं और अस्थायी शिविर भी बना रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना है, इसलिए भारतीय सेना और वायु सेना भी स्टैंडबाय पर हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।