हापुड़ में भीषण आग से 70 घर जलकर राख, हुआ करोड़ों रुपयों का नुकसान
उत्तर प्रदेश के हापुड़ बस स्टैंड के पास सोमवार सुबह एक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब 70 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और फिर पास के गोदामों और एक फैक्टरी तक फैल गई। सुबह करीब साढ़े 8 बजे आग लगी और प्लास्टिक-कबाड़ के ढेर ने इसे और तेजी से भड़का दिया, जिससे कई परिवार अचानक बेघर हो गए।
एक करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचिं गई। आग बुझाने के लिए आठ दमकल गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन चारों ओर फैले प्लास्टिक और कबाड़ के ढेर के कारण आग पर काबू पाने में काफी समय लग गया। गनीमत रही कि इस आगजनी में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति का नुकसान 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंका जा रहा है। एक गोदाम मालिक के अनुसार, उनके 1,000 से ज्यादा सामान के बंडल जलकर खाक हो गए। आग लगने के असल कारणों का पता लगाने के लिए अब जांच शुरू कर दी गई है।