दिल्ली: 5 मंजिला इमारत गिरने से 4 की मौत, 10 घायल; कई अभी भी दबे
क्या है खबर?
दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम एक 5 मंजिला इमारत गिर गई। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है और 10 से ज्यादा घायल हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, करीब 12 लोगों को बचाया गया है। इमारत में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान चल रहा है। टीमें मलबे में लोगों की तलाश कर रही है।
हताहत
इमारत मालिक के खिलाफ दर्ज की गई FIR
पुलिस के अनुसार, ज्यादातर हताहत और घायल होने वालों में मेडिकल छात्र शामिल थे। उनमें से कई लोग पास ही किचन में खाना खा रहे थे। पुलिस ने बताया कि यह इमारत एक वाणिज्यिक प्रॉपर्टी थी, जिसकी पहली और दूसरी मंजिल पर कई कार्यालय चल रहे थे। इंडियन एक्सप्रेस को एक सूत्र ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है और इमारत के मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया और गैर-कानूनी निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने लिखा, 'मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, और सभी संबंधित एजेंसियाँ आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'