BRICS शिखर सम्मेलन: दिल्ली में छावनी जैसा माहौल, क्यों बढ़ाई गई सुरक्षा?
दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और सुरक्षा भी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा दी गई है। अधिकारी उन संभावित विरोध प्रदर्शनों को लेकर सतर्क हैं, जो छात्र संगठन, एक्टिविस्ट, किसान और नागरिक समाज के समूह फलस्तीन, रूस-यूक्रेन संघर्ष, मणिपुर हिंसा, मानवाधिकारों से जुड़े मसलों और तिब्बत जैसे मुद्दों पर कर सकते हैं। जंतर-मंतर जैसे विरोध प्रदर्शन के जाने-पहचाने ठिकानों और खास राजनयिक इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की छात्र संगठनों और चीनी प्रतिनिधिमंडल पर कड़ी नजर
प्रशासन फ्रैटर्निटी मूवमेंट, MSF, AIRSO, DSF और JNUSU जैसे छात्र संगठनों पर खास ध्यान दे रहा है, जो अक्सर एकजुटता दिखाते हुए प्रदर्शन करते रहे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के चुनावों का समय होने के कारण शहर में राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है। इस बीच चीनी प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। दरअसल, चीनी दूतावास, होटलों या VVIP रास्तों के पास तिब्बत से जुड़े विरोध प्रदर्शनों की आशंका है।