अमरनाथ यात्रा: CRPF ने संभाली कमान, हाईवे पर सुरक्षा सख्त की गई
अमरनाथ यात्रा शुरू हो गई है। इसे देखते हुए व्यस्त जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं, गाड़ियों की जांच कर रही हैं और खास जगहों पर पैनी नजर रख रही हैं। खासकर रामबन जिले के बनिहाल इलाके में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। इस साल 57 दिनों की यह यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार पर संपन्न होगी।
चंदरकोट में CRPF ने खोला हेल्थ कैंप
CRPF की जिम्मेदारी केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है। उन्होंने चंदरकोट में रोड ओपनिंग पार्टी के साथ-साथ 24 घंटे चलने वाला एक मोबाइल हेल्थ कैंप भी शुरू किया है। इस कैंप की देखरेख वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनंत कृष्णन कर रहे हैं। आधुनिक उपकरणों से लैस यह कैंप यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इलाज मुहैया कराता है, जिससे इस 57 दिवसीय यात्रा पर निकलने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित और स्वस्थ रह सके।