IMD ने मुंबई के लिए जारी किया बारिश का ऑरेंज अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद
मुंबई की भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए आज शहर के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शहर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, लेकिन अभी भी भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की उम्मीद है। BMC लोगों से अपील कर रही है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, घरों से बाहर न निकलें, क्योंकि शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।
मुंबई में उड़ानों में देरी, रेल सेवाएं हुईं बाधित
उड़ानें या तो लेट चल रही हैं या फिर रद्द की जा रही हैं। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर देख लें और ट्रैफिक जाम को देखते हुए थोड़ा ज्यादा समय लेकर चलें। ट्रेन सेवाओं की बात करें तो पश्चिमी रेलवे ने पटरियों पर पानी भर जाने की वजह से अपनी कई सेवाएं रद्द कर दी हैं। वहीं मध्य रेलवे की सेवाएं भी ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच हुए भूस्खलन के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे ट्रेनों में भारी देरी हो रही है।