भारत से कोरिया तक फैले 7,000 किलोमीटर लंबे मानसूनी बादल
हाल ही में सैटेलाइट तस्वीरों से एक विशाल मानसून बारिश बैंड का पता चला है, जो उत्तरी भारत से लेकर दक्षिण कोरिया तक फैला हुआ है। यह करीब 7,000 से 10,000 किलोमीटर लंबा है। यह विशाल बादल क्षेत्र हिंद महासागर से आ रही नमी भरी हवाओं और एशियाई मौसम प्रणालियों के मिलने से बना है। इसी वजह से इस साल के बेहद सक्रिय मानसून के दौरान कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है।
उत्तर भारत में 70-80 प्रतिशत बारिश की बढ़ोतरी दर्ज
इस मानसून सीजन में भारत ने अपने सबसे भारी बारिश वाले दिन देखे हैं। कुछ इलाकों में तो दो दिनों के भीतर सामान्य से 70-80 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर जैसे राज्यों में जमकर पानी बरसा है। यह अतिरिक्त बारिश पानी के जलाशयों को फिर से भर रही है।
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी इलाकों में अधिकारियों ने अचानक आने वाली बाढ़ और भूस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।