Page Loader
लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सलमान खान को धमकी देने वाला गिरफ्तार, सब्जी विक्रेता निकला
लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सलमान खान को धमकी देने वाला जमशेदपुर से गिरफ्तार

लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सलमान खान को धमकी देने वाला गिरफ्तार, सब्जी विक्रेता निकला

लेखन गजेंद्र
Oct 24, 2024
09:33 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी भरा संदेश भेजने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। मुंबई पुलिस ने आरोपी को झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सब्जी विक्रेता के तौर पर हुई है। आरोपी ने पिछले हफ्ते मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर धमकी भरा संदेश भेजकर अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।

धमकी

क्या लिखा था धमकी भरे संदेश में?

18 अक्टूबर को मुंबई यातायात पुलिस के नियंत्रण कक्ष में भेजे गए संदेश में लिखा था, "इसे हल्के में मत लीजिए, अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं और लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान की हालत बाबा सिद्दीकी से भी बदतर हो जाएगी।" संदेश प्राप्त होते ही मुंबई पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। वर्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच

आरोपी ने 2 दिन बाद मांगी थी माफी

धमकी भरा संदेश भेजने के बाद आरोपी ने 21 अक्टूबर को दूसरा संदेश भेजा था, जिसमें उसने माफी मांगी थी। आरोपी ने लिखा था कि उसने यह संदेश गलती से भेजा था, उसे माफ कर दीजिए। पुलिस ने संदेश की लोकेशन का पता लगाया तो यह झारखंड के जमशेदपुर में निकला। फिर जमशेदपुर पुलिस की मदद से मुंबई पुलिस ने आरोपी को बुधवार रात को गिरफ्तार कर लिया। उसे मुंबई लाया गया है।

जानकारी

बाबा सिद्दीकी की हत्या से सतर्क है पुलिस

मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और सलमान खान के मित्र बाबा सिद्दीकी की कुछ दिन पहले बाइक सवार 3 हमलावरों ने सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली है। इसके बाद से पुलिस सतर्क है।