मुंबई: सोशल मीडिया पर अस्पताल को घेरा, अब डॉक्टर पर 125 करोड़ का मुकदमा
मुंबई के सैफी अस्पताल ट्रस्ट ने फर्स्ट ईयर की जनरल सर्जरी ट्रेनी डॉक्टर आसिया खान लुकमान पर 125 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है।
अस्पताल ट्रस्ट का कहना है कि डॉक्टर आसिया ने सोशल मीडिया पर अस्पताल के कामकाज के माहौल और ट्रेनीज के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर कई ऐसी पोस्ट की थीं, जिनसे अस्पताल की छवि को नुकसान पहुंचा। अस्पताल का दावा है कि डॉक्टर आसिया के ये पोस्ट निजी कारणों से अस्पताल पर दबाव बनाने और खुद के कथित गलत आचरण से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए थे।
अस्पताल ने लापरवाही का आरोप लगाया
अस्पताल का कहना है कि फरवरी 2026 में अस्पताल से जुड़ने के बाद, डॉ. लुकमान ने जल्द ही अपनी ड्यूटी में लापरवाही दिखानी शुरू कर दी और कई चेतावनियों के बावजूद बिना इजाजत छुट्टी भी ले ली।
वहीं, उनके वकील का कहना है कि डॉक्टर आसिया सिर्फ कार्यस्थल से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन साझा कर रही थीं। वकील ने यह भी जोर देकर कहा कि वे नियमों के अनुसार सम्मान के साथ अपना DNB कोर्स पूरा करना चाहती हैं।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने डॉ. लुकमान के पोस्ट पर रोक लगाई
बॉम्बे हाईकोर्ट ने डॉक्टर लुकमान को निर्देश दिया है कि जब तक यह मामला अदालत में विचाराधीन है, वे सोशल मीडिया पर कोई भी अपमानजनक पोस्ट न करें।