एस जयशंकर ने UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला से की मुलाकात, जानिए क्या हुई चर्चा
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में चल रहे संकट पर बात हुई। जयशंकर ने क्षेत्र में शांति स्थापित करने के भारत के प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने UAE का आभार भी जताया कि वह वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा का ध्यान रख रहा है, खासकर हाल ही में हुए हूती हमलों के बाद बढ़ते तनाव के बीच।
भारत और UAE का व्यापार 9.46 लाख करोड़ रुपये के पार
यह मुलाकात भारत और UAE के बीच लगातार मजबूत होते रिश्तों को भी दिखाती है। साल 2022 में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) होने के बाद दोनों देशों का व्यापार 100 बिलियन डॉलर (लगभग 9.46 लाख करोड़ रुपये) का आंकड़ा पार कर गया है। जयशंकर ने रक्षा, ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्रों में हो रही नई साझेदारियों और प्रगति के बारे में बताया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मुश्किल हालात में भी दोनों देश एक-दूसरे पर पूरा भरोसा बनाए हुए हैं।