केंद्र सरकार की नौकरियों में हर 5वां पद है खाली, RTI में हुआ बड़ा खुलासा
सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में बड़ा ही चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इसके अनुसार, 1 मार्च, 2024 तक केंद्र सरकार के 8.23 लाख से अधिक नागरिक पद खाली पड़े थे। इसका मतलब है कि हर 5 में से एक सरकारी पद खाली था। कुल 39.23 लाख स्वीकृत पदों में से उस तारीख तक केवल 30.99 लाख पद ही भरे हुए थे। यह आंकड़ा अलग-अलग विभागों में कर्मचारियों की गंभीर कमी को दिखाता है।
केंद्रीय मंत्रालयों में कर्मचारियों की भारी कमी
रेलवे और रक्षा मंत्रालय में 2.40 लाख से ज्यादा पद खाली हैं। रक्षा मंत्रालय में तो करीब आधे कर्मचारियों की कमी है। गृह मंत्रालय में भी एक लाख से ज्यादा पद खाली हैं, जिसका असर सुरक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व जैसे जरूरी क्षेत्रों पर पड़ रहा है। राष्ट्रपति सचिवालय और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में भी कर्मचारियों की अच्छी-खासी कमी है, जहां कुछ मामलों में एक-तिहाई से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। इस RTI आवेदन को दाखिल करने वाले कार्यकर्ता का कहना है कि इन खाली पदों को भरने से बेरोजगारी दूर करने में भी मदद मिलेगी और सरकारी कामकाज भी बेहतर होगा।