दिशा सालियान मामले में आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का नोटिस
क्या है खबर?
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस जारी किया गया है। दिशा के पिता सतीश सालियान ने आदित्य और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। नोटिस में दोनों नेताओं से 7 दिन के भीतर बिना शर्त माफी मांगने और कथित भ्रामक बयान वापस लेने की मांग की गई है।
नोटिस
आदित्य पर भ्रामक और झूठा बयान देने का आरोप
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि आदित्य और देशमुख ने न्याय के संघर्ष को राजनीतिक साजिश बताकर उनकी छवि और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है।
नोटिस में आदित्य के उस कथित बयान का भी जिक्र है, जिसमें उन्होंने कहा था कि CBI पहले ही मामले की जांच कर चुकी है और किसी तरह की आपराधिक साजिश के आरोपों को खारिज कर चुकी है।
नोटिस में कहा गया है कि नेताओं के बयान झूठे, मानहानिकारक और भ्रामक हैं।
बयान
आदित्य बोले- दिशा को नहीं जानता
वहीं, आदित्य ने दावा किया कि वे दिशा को कभी नहीं जानते थे और न ही उनसे कभी मिले थे।
उन्होंने कहा, '6 सालों से कुछ लोग राजनीतिक और निजी मकसदों से मेरा नाम इस मामले से जोड़ रहे हैं। यह मेरी छवि खराब करने की सोची-समझी और बिना सबूत वाली कोशिश है। खास मकसदों वाले लोगों द्वारा लगातार मेरी छवि खराब करने का अभियान चलाना दुर्भाग्यपूर्ण है। जोर-शोर से होने वाली डिबेट और मीडिया ट्रायल से सच्चाई नहीं बदलती।'
मामला
क्या है दिशा सालियान की मौत से जुड़ा मामला?
दिशा की 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस ने पहले इसे हादसा माना था, लेकिन बाद में जांच के बाद दावा किया कि यह आत्महत्या का मामला था।
हालांकि, 2024 में भाजपा नेता नितेश राणे ने आरोप लगाए कि दिशा की हत्या हुई और उन्होंने आदित्य का नाम भी लिया।
हाल ही में मामले की जांच CBI को सौंपी गई है।