गडकरी का डबल धमाका: 8 करोड़ नौकरियों का रास्ता खोलेगी बाइक टैक्सी, सख्त सुरक्षा नियम भी लागू
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी चाहते हैं कि राज्य सरकारें आम लोगों को अपनी निजी बाइक को टैक्सी के तौर पर इस्तेमाल करने की इजाजत दें। उनका मानना है कि इस कदम से करीब 8 करोड़ लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकते हैं, खासकर ग्रामीण इलाकों में जहां आय के साधन सीमित हैं।
उन्होंने कहा, "इससे कई लोगों को आजीविका का साधन मिलेगा।" केंद्र ने उन राज्यों से भी अपील की है जहां बाइक टैक्सी पर अभी पाबंदी है, वे अपने फैसले पर दोबारा विचार करें।
गडकरी ने सुरक्षा नियमों की घोषणा की
सड़क परिवहन मंत्री ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नए सड़क सुरक्षा नियमों का ऐलान किया है। इन नियमों में एक निगेटिव पॉइंट सिस्टम भी शामिल है।
इस प्रणाली के तहत, बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने 'सुरक्षा' नामक एक पायलट कार्यक्रम भी शुरू किया है। इस पहल के तहत, ड्राइवर और निर्माण मजदूर जैसे 10,000 कर्मचारियों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच और परामर्श दिया जाएगा। यह कार्यक्रम NH-44 के कुछ हिस्सों और चंद्रपुर खनन क्षेत्र से शुरू होगा, क्योंकि इन कर्मचारियों का स्वस्थ रहना सड़क सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।