नेपाल की बारिश से बिहार में बाढ़ का कहर, खतरें में 50 लाख जिंदगियां
नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। गंडक, कोसी और बागमती जैसी बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य की राजधानी पटना और समस्तीपुर समेत करीब 15 जिलों में लगभग 50 लाख लोग बाढ़ के खतरे में हैं। हालात को देखते हुए राज्य के बड़े अधिकारियों ने बाढ़ से निपटने के लिए आपातकालीन योजनाओं की समीक्षा की है।
बिहार में बचाव दल तैयार
राज्य आपदा प्रतिक्रिया दल (SDRF) बचाव के साजो-सामान के साथ तैयार खड़े हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों में लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है। इस बार सितंबर में सामान्य से 10 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। ऐसे में सरकार ने जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की तैयारी कर ली है। राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ-साथ दूसरे संबंधित विभागों से भी करीबी तालमेल बिठाया जा रहा है।