पश्चिम बंगाल में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी का कटा सिर लेकर मंदिर पहुंचा पति
पश्चिम बंगाल के गंगा रामपुर में एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां 46 साल के रिंटू सरकार को अपनी पत्नी सीमा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रिंटू को उसकी पत्नी सीमा के कटे हुए सिर के साथ एक मंदिर में पकड़ा गया था। इस दिल दहला देने वाले मंजर को देखते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और इस जोड़े के 2 छोटे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने पति-पत्नी के झगड़े को बताया हत्या का कारण
पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद ही यह दर्दनाक वारदात हुई। पड़ोसियों ने बताया कि रिंटू सरकार की बस कंडक्टर की नौकरी 3 साल पहले छूट गई थी। उसके बाद से उसका स्वभाव काफी चिड़चिड़ा होता जा रहा था।
रिंटू सरकार ने पुलिस को खुद बताया है कि नौकरी छूटने के बाद से वह अजीब तरह से पेश आ रहा था। पुलिस इस मामले की अभी जांच कर रही है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश जारी है।