Page Loader
किसानों को मिला अंतरराष्ट्रीय हस्तियों का साथ, रिहाना और थनबर्ग समर्थन में उतरीं

किसानों को मिला अंतरराष्ट्रीय हस्तियों का साथ, रिहाना और थनबर्ग समर्थन में उतरीं

Feb 03, 2021
08:50 am

क्या है खबर?

दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन के समर्थन में अब अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी उतर आई हैं। मंगलवार को पॉप स्टार रिहाना और जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने किसानों के समर्थन में ट्वीट कर दुनिया का ध्यान इस मुद्दे की तरफ आकर्षित किया। ट्विटर पर रिहाना के 10 करोड़ और थनबर्ग के 46 लाख फॉलोअर्स हैं। इनके बाद कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी ट्वीट कर 60 दिन से अधिक समय से चल रहे इस आंदोलन पर प्रतिक्रिया दी है।

पृष्ठभूमि

क्या है किसानों के आंदोलन का मामला?

मोदी सरकार ने पिछले साल कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए तीन कानून बनाए थे। इनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद के लिए व्यापारिक इलाके बनाने, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडारण सीमा खत्म करने समेत कई प्रावधान किए गए हैं। देश के कई राज्यों के किसान इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इनके जरिये सरकार मंडियों और MSP से छुटकारा पाना चाहती है।

किसान आंदोलन

कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां आईं समर्थन में

दरअसल, भारत की जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता लिसिप्रिया कंजुगम ने किसान आंदोलन के समर्थन में ट्वीट करते हुए दुनिया से किसानों का साथ देने की अपील की थी। उनके ट्वीट के कुछ ही देर बाद रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग, अमेरिकी मॉडल अमांडा सेर्नी आदि कई हस्तियों समेत अंतरराष्ट्रीय संस्था ह्यूमन राइट वाच, इंटरनेशनल इंटरनेट राइट्स से जुड़ी संस्था भी इस आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर इनके पोस्ट वायरल हो रहे हैं।

ट्वीट

रिहाना और थनबर्ग ने क्या लिखा?

रिहाना ने दिल्ली के आसपास इंटरनेट बंद होने की खबर को शेयर करते हुए लिखा, 'हम इसके बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं?' अपने ट्वीट में उन्होंने #FarmersProtest हैशटैग इस्तेमाल किया था। थोड़ी ही देर में उनका यह ट्वीट वायरल हो गया और अब तक इसे लाखों लाइक्स मिल चुके हैं। इसी तरह थनबर्ग ने भी इंटनरेट बंद होने वाली खबर शेयर करते हुए लिखा, 'हम भारत में हो रहे किसान आंदोलन के समर्थन में खड़े हैं।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये रिहाना का ट्वीट

पुराना ट्वीट

NEET और JEE परीक्षा को लेकर भी थनबर्ग ने किया था ट्वीट

इस साल नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित हो चुकीं थनबर्ग को जलवायु संकट के खिलाफ प्रखर वक्ता के तौर पर जाना जाता है। थनबर्ग को टाइम पत्रिका ने 2019 का 'पर्सन ऑफ द ईयर' चुना था। उन्होंने सितंबर में NEET और JEE की परीक्षाओं को लेकर भी ट्वीट किया था। तब उन्होंने लिखा था कि महामारी के दौर और बाढ़ की वजह से लाखों लोगों के प्रभावित होने के बाद भी छात्रों से परीक्षा लेना गलत है।

जानकारी

भारतीय हस्तियों से किसानों का साथ देने की मांग

रिहाना के बाद दूसरी और भी कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियों और संस्थाओं के अधिकारियों ने किसान आंदोलन को लेकर ट्वीट किए थे। दूसरी तरफ भारत में भी लोग टैग कर फिल्मी हस्तियों से इस बारे में बोलने की मांग करने लगे।

किसान आंदोलन

किसान आंदोलन में फिलहाल क्या चल रहा है?

सुप्रीम कोर्ट इन तीनों कानूनों के अमल पर अस्थायी रोक लगा चुका है। दूसरी तरफ सरकार और किसानों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद गतिरोध का हल नहीं निकल सका है। सरकार संशोधन को तैयार है, लेकिन किसान कानून रद्द कराने की मांग पर अड़े हैं। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर ट्रैक्टर परेड निकाली थी, जिसमें जमकर हिंसा हुई। अब किसानों ने 6 फरवरी को तीन घंटे तक देशभर में चक्का जाम का आह्वान किया है।