Page Loader
उत्तर प्रदेश: जींस पहनने पर अड़ी थी नाबालिग, चाचा और दादा ने कर दी हत्या
जींस पहनने की जिद करने पर दादा-चाचा ने मिलकर की नाबालिक किशोरी की हत्या।

उत्तर प्रदेश: जींस पहनने पर अड़ी थी नाबालिग, चाचा और दादा ने कर दी हत्या

Jul 22, 2021
07:51 pm

क्या है खबर?

आधुनिकता के साथ पहले भी खान-पान और पहनावे में काफी बदलाव आ गया हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी पहनावे को लेकर रूढीवादिता चली आ रही है। इसी के चलते उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के सवरेजी खर्ग गांव में जींस पहनने की जिद पर अड़ी एक 17 वर्षीय किशोरी की उसी के दादा और चाचा ने मिलकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने आरोपी दादा सहित दो जनों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रकरण

दादा के मना करने पर भी जींस पहनने पर अड़ी रही किशोरी

पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ श्रीपति मिश्र ने बताया कि मृतक किशोरी नेहा (17) पुत्री अमरनाथ पासवान है। अमरनाथ इन दिनों लुधियाना में किसी निजी कंपनी में मजदूरी कर रहा था। नेहा भी उसके साथ ही रह रही थी। गत दिनों वह पिता के साथ गांव आई थी। वह गांव में जींस और टी-शर्ट पहन रही थी। उसके दादा परमहंस और चाचा अरविंद को यह पसंद नहीं था। दादा ने सोमवार को उसे टोका था, लेकिन नेहा ने अनसुना कर दिया।

घटना

नेहा के बहस करने पर दादा-चाचा ने की मारपीट

SP ने बताया कि दादा परमहंस ने नेहा को जींस नहीं पहनने के लिए कहा था तो वह उनसे भिड़ गई। इसके बाद दादा ने बेटे अरविंद और अन्य के साथ उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान मां शकुंतला ने बचाने का प्रयास किया तो उसे भी धक्का मार दिया। मारपीट में नेहा के सिर पर गंभीर चोट आ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद दादा और चाचा उसे एक ऑटो लेकर अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

मौत

रास्ते में मौत होने पर नदी पर बने पुल से फेंका शव

SP ने बताया कि नेहा ने अस्पताल जाते समय पांडेयचक के समीप दम तोड़ दिया था। इसके बाद आटो चालक व अन्य शव लेकर तरकुलवा थाना क्षेत्र में गंडक नदी पर बने पटनवा पुल पहुंचे और शव को फेंक दिया। इस दौरान शव नदी में गिरने की जगह पुल के रेलिंग में फंस गया और लटक रहा था। इसके बाद आरोपित भाग गए। मंगलवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पुल से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।

कार्रवाई

पुलिस ने ऑटो चालक और आरोपी दादा को किया गिरफ्तार

SP ने बताया कि पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ करने के बाद ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। उसने बताया कि आरोपी उसे रोककर अस्पताल ले गए थे, लेकिन रास्ते में किशोरी की मौत हो गई। इसके बाद वह उसे नदी के पुल पर ले गए और शव को फेंक दिया। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर मारने की धमकी दी थी।

FIR

मां की तहरीर पर दर्ज किया मामला- SP

SP ने बताया कि घटना में मृतक किशोरी की मां शकुंतला देवी की तहरीर पर मृतका की दादी भगना देवी, दादा परमहंस, चाचा अरविद, व्यास, चाची गुड्डी देवी, पूजा देवी, आटो चालक हसनैन, गांव के राहुल व पन्नेलाल के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छुपाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें से ऑटो चालक और दादा को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।