दिल्ली लक्ष्मी योजना: महिलाओं को 2,500 रुपये महीना, लेकिन नियमों पर कानूनी अड़चन
दिल्ली में 26 अगस्त को नई 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तालकटोरा स्टेडियम में 4,000 महिलाओं को मंजूरी पत्र सौंपेंगी। इस योजना के तहत, चुनी गई हर महिला के बैंक खाते में हर महीने 2,500 रुपये सीधे आएंगे। इसकी पहली किस्त 1 सितंबर को मिलेगी।
कानूनी चुनौतियों के बीच 9.13 लाख ने कराया पंजीकरण
इस योजना में लोगों ने खूब दिलचस्पी दिखाई है। 1 अगस्त से अब तक 9,13,495 महिलाओं ने पंजीकरण कराया है और इनमें से 6,52,223 आवेदन जमा भी हो चुके हैं।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा और रोजमर्रा के खर्चों को आसानी से पूरा कर सकें। हालांकि, योजना के कुछ नियम (जैसे सांसद या विधायक की सिफारिश लेना या परिवार में सबसे बड़ी योग्य महिला होना) कानूनी विवादों में घिरे हैं। इसकी वजह से कई महिलाओं के लिए योजना का लाभ लेना मुश्किल हो रहा है।