रतन टाटा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा, महाराष्ट्र में शोक दिवस की घोषणा
क्या है खबर?
भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। यह घोषणा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की है।
शिंदे ने एक्स पर एक लंबे संदेश में लिखा, 'देश ने एक अनमोल रत्न खो दिया, रतन जी टाटा के पार्थिव शरीर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।'
इस बीच टाटा समूह ने बताया कि लोग उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (NCPA) में कर सकेंगे।
शोक
कितने से कितने बजे तक होंगे अंतिम दर्शन?
टाटा समूह ने बयान जारी कर बताया, "हम आम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे दक्षिण मुंबई स्थित NCPA लॉन में गेट 3 से प्रवेश करें और गेट 2 से बाहर निकलें। परिसर में पार्किंग की सुविधा नहीं होगी। शाम 4 बजे पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए डॉ ई मोसेस रोड, वर्ली स्थित वर्ली श्मशान घाट के प्रार्थना कक्ष में अपनी अंतिम यात्रा पर निकलेगा।"
टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने टाटा के योगदान की सराहना की।
रिपोर्ट
महाराष्ट्र में गुरुवार को शोक दिवस की घोषणा
महाराष्ट्र सरकार ने दिवंगत उद्योगपति टाटा के सम्मान में गुरुवार को शोक दिवस की घोषणा भी की है।
मुख्यमंत्री शिंदे ने घोषणा की कि सम्मान के तौर पर महाराष्ट्र के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। गुरुवार को होने वाले सभी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
शिंदे ने कहा कि 2008 के मुंबई हमले के बाद उनके (रतन टाटा) द्वारा दिखाए गए दृढ़ संकल्प को हर कोई हमेशा याद रखेगा।
निधन
रात 12 बजे के बाद हुआ निधन
टाटा समूह के मानद अध्यक्ष रतन टाटा का निधन 86 वर्ष की उम्र में बुधवार देर रात 12 बजे के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ।
टाटा पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी हालत खराब होने के बाद उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में रखा गया था।
टाटा के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रमुख लोगों ने दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है।