प्रोजेक्ट-75I को नई गति! रक्षा मंत्री ने जर्मनी में देखी भारत की 'स्टील्थ' पनडुब्बियां
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी के किल में एक प्रमुख पनडुब्बी निर्माण सुविधा का दौरा किया है। राजनाथ सिंह के इस दौरे से भारत की प्रोजेक्ट-75I डील को आगे बढ़ाने में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है।
इस प्रोजेक्ट के तहत मुंबई की मजगांव शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) में 6 आधुनिक पनडुब्बियां बनाई जाएंगी। इस दौड़ में जर्मनी की TKMS कंपनी एक मजबूत दावेदार के तौर पर उभरी है। इस मौके पर राजनाथ सिंह के साथ जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस भी मौजूद थे। उनकी मौजूदगी दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में बढ़ते गहरे रिश्तों को दर्शाती है।
राजनाथ सिंह ने AIP पनडुब्बियों का निरीक्षण किया
इस मौके पर राजनाथ सिंह ने एयर-इंडिपेंडेंट प्रोपल्शन (AIP) वाली पनडुब्बियों को बारीकी से देखा। यह एक ऐसी तकनीक है जिसकी मदद से पनडुब्बियां पानी के अंदर ज्यादा समय तक बिना आवाज किए रह सकती हैं।
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर इस दौरे को 'इनसाइटफुल' यानी जानकारी से भरा हुआ बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी आधुनिक तकनीकें और अंतरराष्ट्रीय सहयोग आज के समय में बेहद जरूरी हैं, खासकर तब जब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।