आतंक पर SCO को राजनाथ सिंह का सीधा संदेश, जानिए क्या कुछ कहा
ताजिकिस्तान में हुई शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी देशों से आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि इसमें कोई अपवाद या दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए। सिंह ने यह भी बताया कि आतंकवाद कैसे तरक्की और व्यापार में रुकावट डालता है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी संगठनों को किसी भी तरह की मदद अब बंद होनी चाहिए। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने जानकारी दी कि भारत इस साल पहली बार SCO सभ्यता संवाद फोरम की मेजबानी करेगा। उन्होंने सभी सदस्य देशों को इसमें शामिल होने का न्योता दिया।
सिंह ने SCO से आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
सिंह ने सिर्फ सुरक्षा की ही बात नहीं की। उन्होंने वैश्विक संघर्षों के कारण पैदा हुई समस्याओं जैसे सप्लाई चेन में रुकावट, ऊर्जा सुरक्षा की चिंताएं और खाद्य सुरक्षा के जोखिमों पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि नई तकनीकें किस तरह अर्थव्यवस्थाओं को बदल रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए उन्होंने SCO देशों से मिलकर काम करने का आग्रह किया। भारत के मध्य एशिया के साथ गहरे संबंधों को दोहराते हुए उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बेहतर सुरक्षा और कनेक्टिविटी ही सबकी तरक्की की कुंजी है।