राजनाथ सिंह का F-16 अपग्रेड पर अमेरिका को सीधा जवाब, बताया भारत के लिए खतरे की घंटी
फिलीपींस के सेबू में 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM-प्लस) हुई। इसमें भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ से मुलाकात की। सिंह ने पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को अपग्रेड करने के लिए अमेरिका द्वारा दी जा रही 686 मिलियन डॉलर की मदद पर अपनी चिंता जाहिर की। राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि अमेरिका का यह कदम क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है और इसे भारत के लिए अच्छी खबर नहीं माना जा सकता।
भारत और अमेरिका ने रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर दिया जोर
राजनाथ और हेगसेथ ने भारत-अमेरिका के रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने अधिक संयुक्त सैन्य अभ्यास, बेहतर समुद्री सुरक्षा और नई तकनीकों पर मिलकर काम करने जैसे मुद्दों पर बात की। उन्होंने सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ अपने प्रयासों को बढ़ाने पर भी सहमति दिखाई। राजनाथ ने इस दौरान आतंकवाद के प्रति 'जीरो-टॉलरेंस' की नीति अपनाने पर जोर दिया। अमेरिकी रक्षा सचिव हेगसेथ ने भारत को आश्वासन दिया कि अमेरिका आतंकवाद से लड़ने में उसका लगातार समर्थन करता रहेगा। दोनों ही देश अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।