GATE में 10वीं रैंक पाने वाले प्रतीक की 8वीं मंजिल से गिरने से मौत, सदमे में IIT-ISM
IIT-ISM धनबाद के एक्वामरीन हॉस्टल से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र माने राजकुमार प्रतीक की 8वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। इस खबर से कॉलेज के छात्र और फैकल्टी गहरे सदमे में हैं। सभी लोग उन्हें एक होनहार और कॉलेज की गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले छात्र के तौर पर याद कर रहे हैं।
छात्र की मौत की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस दुखद घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस छात्रों और उनके दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रतीक ने हाल ही में GATE 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वीं ऑल-इंडिया रैंक (AIR) हासिल की थी। उन्हें उनकी नेतृत्व क्षमता और पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी जाना जाता था। उनके अचानक चले जाने से जानने वाले सभी लोग गहरे सदमे में हैं।