भारत-अर्जेंटीना का नया युग: रिकॉर्ड प्रतिनिधिमंडल संग व्यापार, 5G, अंतरिक्ष में महासंवाद
भारत ने वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल की अगुवाई में अपना अब तक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल अर्जेंटीना भेजा है। बुएनस आयर्स में चौथे भारत-अर्जेंटीना संयुक्त व्यापार समिति की बैठक हुई, जिसमें 25 से ज्यादा व्यापारिक नेताओं ने हिस्सा लिया।
इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी की पिछले साल की अर्जेंटीना यात्रा के बाद से हुई प्रगति की समीक्षा की गई और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते भी तलाशे गए।
अग्रवाल, ब्रून के बीच व्यापार, 5G, अंतरिक्ष पर चर्चा
वाणिज्य सचिव अग्रवाल और अर्जेंटीना के राजदूत फर्नांडो ब्रून की सह-अध्यक्षता में बातचीत हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार बढ़ाने पर खास ज़ोर दिया। बता दें कि पिछले साल यह व्यापार 6.5 बिलियन डॉलर से ज़्यादा हो गया था।
बातचीत में 5G और अंतरिक्ष प्रोजेक्ट्स में तकनीकी सहयोग, गैर-टैरिफ बाधाओं को दूर करने और भारतीय फार्मास्युटिकल्स को नियामक मान्यता देने जैसे मुद्दों पर भी गंभीरता से बात की गई। दोनों देश अंतरिक्ष और परमाणु तकनीक के क्षेत्र में भविष्य की साझेदारियों की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इसमें भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और अर्जेंटीना की अंतरिक्ष एजेंसी (CONAE) के बीच प्रस्तावित बैठक भी शामिल है।