राजस्थान: IAS-IPS दंपति के पास 40 आलीशान विला, करोड़ों का निवेश; जांच के दायरे में आए
क्या है खबर?
राजस्थान के वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल और उनकी IPS पत्नी प्रशाखा माथुर के संपत्ति सौदों को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। आरोप है कि अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग कर एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया और उसी कंपनी के 2 रिसॉर्ट्स में परिवार के नाम पर 40 विला और कॉटेज खरीद लिए। मामला सामने आने के बाद राजस्थान सरकार ने दंपत्ति के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
आरोप
जिस कंपनी से विला खरीदे, उसे ही लीज पर दिए
रिपोर्ट के मुताबिक, IAS अधिकारी और उनके परिवार ने ढाई साल में अनंता रिसॉर्ट्स में स्थित 40 विला और कॉटेज 6.16 करोड़ रुपये में खरीदे। फिर उन्हें बेचने वाली कंपनी को ही लीज पर दे दिया। बताया जा रहा है कि इससे परिवार को हर साल करीब 1.8 करोड़ रुपये की कमाई होती थी।
अब राज्य सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (ACB) ने दंपत्ति की जांच शुरू कर दी है।
संपत्तियां
परिजनों के नाम पर दर्जनों संपत्तियां
ACB की जांच के मुताबिक, अग्रवाल और उनके परिवार ने सितंबर 2023 से मार्च 2026 के बीच उदयपुर और अलवर में 2 अनंता रिसॉर्ट्स में 40 संपत्तियां खरीदीं, जिनकी कीमत 6.16 करोड़ रुपये बताई गई।
उदयपुर रिसॉर्ट में सितंबर 2023 में 20 कॉटेज खरीदे गए, जबकि मार्च 2026 में अलवर रिसॉर्ट में 20 विला की खरीद हुई।
ये खरीदी गोयल फैशन प्राइवेट लिमिटेड से हुई, जो इन रिसॉर्ट्स का संचालन करती है।