बेंगलुरु: प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने युवती का कराया अपहरण, सड़क पर हंगामे में 6 घायल
क्या है खबर?
बेंगलुरु में अग्रहारा दशरहल्ली इलाके में बीती शाम एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती को कुछ लोग जबरन कार में बैठाकर ले जाने लगे। इस दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और कार का पीछा किया। आपाधापी में कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच की तो विवाद प्रेम विवाह के चलते परिजनों की नाराजगी का निकला।
घटना
प्रेम विवाद से नाराज थे परिजन
युवती की पहचान राजस्थान की रहने वाली पूजा के रूप में हुई है। उसने 8-9 महीने पहले राजस्थान के ही रहने वाले ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। दोनों के परिवार इससे नाराज थे। इसके चलते शादी के बाद पूजा और ओम प्रकाश बेंगलुरु आकर रहने लगे।
पूजा के परिवार ने उसे लेने के लिए 4 लोगों को कार से बेंगलुरु भेजा। बीती शाम ये लोग जबरन पूजा को बैठाकर ले जाने लगे, इसी दौरान हंगामा हुआ।
घायल
कार ने 6 लोगों को टक्कर मारी
कार में बैठाने के दौरान पूजा चिल्लाने लगी। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हो गए और कार का पीछा किया। लोगों ने होसाहल्ली के पास कार को रोक लिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने कार पर पत्थर भी फेंके।
हालांकि, इस दौरान कार ने 6 लोगों को टक्कर मार दी। घायलों की पहचान पृथ्वीराज, यशिका, अमुल, मणि, जयलक्ष्मी और संतोष के रूप में हुई है। जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आई है और वो ICU में भर्ती हैं।