राजस्थान: दौसा में शादी से लौट रहे 6 दोस्तों की कार ट्रेलर से टकराई, सबकी मौत
क्या है खबर?
राजस्थान के दौसा में मंगलवार रात को एक कार और ट्रेलर के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा सिकंदरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर कैलाई गांव के पास हुआ। हादसे में स्विफ्ट डिजायर कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार मृतकों में लोकेश, दिलखुश, मनीष, अंकित, समय और नवीन हैं। सभी दोस्तों की उम्र 22 से 26 साल है और कालाखोह के रहने वाले हैं।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी 6 दोस्त कार में सवार होकर दौसा में आभानेरी के रानी का बाग में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। सभी रात को लौट रहे थे। तभी कार अनियंत्रित हो गई औऱ डिवाइडर को पार करके विपरीत दिशा से आ रही ट्रेलर से जा टकराई। हादसे के बाद जयपुर-आगरा राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। कार को क्रेन के जरिए ट्रेलर से अलग किया। शव कार में बुरी तरह फंस गए थे।
जांच
शादी में ली थी आखिरी सेल्फी
मृतकों के परिजनों का कहना है कि सभी दोस्तों ने आखिरी समय पर शादी समारोह में एक तस्वीर ली थी, जो उनकी अंतिम तस्वीर बन गई है। तस्वीर में 6 युवक एक साथ खड़े हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता नहीं चला है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि चालक को नींद आने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई होगी। सभी के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।