अजमेर: पति-सास और सौतन की हत्या कर शव को SUV में जलाया, सड़क-हादसे का रूप दिया
क्या है खबर?
राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार तड़के खबर मिली थी एक SUV स्कॉर्पियो कार में आग लगने से 4 लोग जिंदा जल गए, जिसमें 2 पूर्व सरपंच और एक जिला परिषद सदस्य की पत्नी शामिल थीं। हालांकि, अब खुलासा हुआ है कि यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश थी, जिसे छिपाने के लिए सड़क हादसे का रूप दिया गया था। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पुलिस ने मामले में परिवार की महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 हिरासत में हैं।
हत्या
कल तड़के लगी थी कार में आग
घटना गुरुवार तड़के 5:30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि शहर से 60 किलोमीटर दूर बोराडा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव में एक स्कॉर्पियों में आग लग गई है, जिसमें 4 लोग बैठे थे। मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां और पूर्व सरपंच पूसी देवी, रामसिंह की दूसरी पत्नी सुरग्यान देवी और उनकी भतीजी के रूप में हुई थी। पुलिस ने पहले इसे हादसा माना और इसी के तहत जांच शुरू की।
जांच
ऐसे हुआ खुलासा?
पुलिस को फोरेंसिक जांच के दौरान कुछ सबूत मिले, जिसके बाद उन्होंने हादसे में मारे गए परिवार के घर का दौरा किया। इस दौरान घर पर कई जगह खून के धब्बे और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिले, जिससे परिवार पर शक गहराया। पुलिस ने रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता (45) से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गई और उसने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी 19 वर्षीय बेटी और 17 वर्षीय बेटे को भी हिरासत में लिया है।
हत्या
सुनीता ने क्यों की हत्या?
रिपोर्ट के मुताबिक, रामसिंह अक्सर शराब पीकर पहली पत्नी सुनीता और उनके बच्चों को पीटते थे। रामसिंह ने 2017 में दूसरी शादी की थी, जिससे उनके 2 बच्चे हैं। सुनीता दूसरी शादी और आए दिन की मारपीट से नाराज थी, जिसके बाद उसने अपने बच्चों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। उसने खेतों के धारदार उपकरणों से चारों की हत्या की और शव को स्कॉर्पियों में लाद दिया और ट्रैक्टर से डीजल निकालकर श्रीरामपुरा रोड पर आग लगा दी।
जांच
घर में दहाड़े मार-मारकर रो रही थी सुनीता
इंडिया टुडे के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वाली मास्टरमाइंड सुनीता अपने घर पर शोक के दौरान छाती पीटकर रोती रही और बार-बार बेहोश होने का नाटक करती रही। सुनीता ने पुलिस को बताया था कि रामसिंह अपनी मां को सीने में दर्द के बाद अस्पताल ले गया था, तभी हादसा हुआ होगा। पुलिस ने बताया कि शवों पर ऐसे घाव मिले, जिनसे किसी साजिश का संकेत मिलता था। वैज्ञानिक साक्ष्य और स्थानीय सूचनाओं से धीरे-धीरे सच्चाई सामने आई।