राजस्थान: सीकर के स्कूलों में 30-30 रुपये में बांट रहे RSS की किताब, CJP-कांग्रेस का विरोध
क्या है खबर?
राजस्थान के सीकर जिले से खबर आ रही है कि यहां के सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की किताबों का वितरण किया जा रहा है, जिसको लेकर विरोध शुरू हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने किताब की तस्वीर एक्स पर साझा करते हुए राजस्थान के शिक्षा मंत्री दिलावर को टैग किया है। सीकर के कांग्रेस नेताओं ने भी मामले पर विरोध जताते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
विरोध
30 रुपये में बांटी जा रही किताब
रांका ने एक्स पर लिखा, 'जानकारी मिल रही है कि सीकर, राजस्थान में प्रधानाचार्यों को बुलाकर एक पुस्तक 'संघ यात्रा' बच्चों को वितरित करने के लिए RSS द्वारा दी गई है, इसके बदले बच्चों से 30 रूपए लिए जा रहे है! मदन दिलावर जी, वैसे तो आपसे बिल्कुल भी कुछ उम्मीद नहीं है। लेकिन इतना भी मत गिरिये कि इतिहास में आपको सिर्फ काले कारनामों के लिए ही याद रखा जाए।'
सवाल
कांग्रेस ने उठाया सवाल- क्या सरकारी आदेश पर हो रहा वितरण
सीकर की कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गठाला ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर को RSS की शाखा ना बनाया जाए।
उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूलों में RSS संबंधी साहित्य वितरण सरकारी आदेश पर हो रहा है, या नया पाठ्यक्रम जोड़ा गया है।
गठाला ने बताया कि पहले प्रधानाचार्यों को बुलाकर किताब बांटने को कहा गया और अब 8 अगस्त को परीक्षा है।
गठाला ने कहा कि अगर ये नहीं रुका तो जिले में आंदोलन होगा।
ट्विटर पोस्ट
CJP के प्रवक्ता का पोस्ट
जानकारी मिल रही है कि सीकर, राजस्थान में रिंसिपलों को बुलाकर एक पुस्तक “संघ यात्रा” बच्चों को वितरित करने के लिए RSS द्वारा दी गई है इसके बदले बच्चों से 30 रूपए लिए जा रहे है!@madandilawar जी, वैसे तो आपसे बिल्कुल भी कुछ उम्मीद नहीं है। लेकिन इतना भी मत गिरिये कि इतिहास में… pic.twitter.com/HBONbrdL9A
— Ashutosh Ranka (@AshutoshRanka) July 29, 2026
विवाद
क्या है मामला?
RSS के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'संघ-यात्रा संगठन व सेवा के 100 वर्ष' पुस्तक जारी की है।
ऐसा दावा किया जा रहा है कि राजस्थान के सरकारी और निजी स्कूलो में इसे 30-30 रुपये में बच्चों को बेचा जा रहा है और 8 अगस्त को इसकी परीक्षा कराने की बात कही गई है, जिसमें नकद राशि मिलेगी।
मौजूदा मामला सीकर और फतेहपुर में सामने आया है, जहां कुछ अभिभावकों द्वारा इसका बड़ा विरोध दिख रहा है।