
राजा रघुवंशी के पिता का सोनम पर बयान, कहा- निर्दोष है तो मैं उसकी रक्षा करूंगा
क्या है खबर?
इंदौर निवासी राजा रघुवंशी की मेघालय में हनीमून के दौरान हत्या होने के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी सोनम सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या कराई थी। हालांकि, सोनम ने अभी खुद को निर्दोष बता रही है।
इस बीच राजा के पिता ने कहा है कि अगर सोनम निर्दोष है तो वह उसका साथ देंगे, लेकिन वह दोषी है तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
बयान
राजा के पिता ने क्या दिया बयान?
राजा के पिता ने इंडिया टीवी से कहा, "अगर सोनम निर्दोष है तो मैं उसका साथ दूंगा, लेकिन वह दोषी निकलती है तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए। हमने उसे कभी सिर्फ बहू नहीं माना, हमने उसे अपनी बेटी की तरह माना। अगर उसे कोई परेशानी थी तो उसे मुझे बताना चाहिए था या घरवालों को बताती कि मुझे लड़का पसंद नहीं है। मैं खुद इसका समाधान करता। इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को जांच करनी चाहिए।"
शक
आरोपी राज कुशवाह के घर आने पर जताया शक
राजा के पिता ने कहा, "पुलिस ने जिस लड़के (राज कुशवाह) को गिरफ्तार किया है, वह मेरे पास आया था। वह राजा के अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम गया था। उसका सोनम से कोई न कोई कनेक्शन तो जरूर है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैने सोनम को बचाने के लिए 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में मैंने बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया था। अगर वह अपनी स्थिति पर ईमानदार होती तो वह उसका समर्थन करते।"
जानकारी
मेघायल सरकार से मांगी माफी
राजा के पिता ने भी मेघालय सरकार से माफी मांगते हुए कहा, "हमारी वजह से शिलांग का नाम इस मामले में घसीटा गया। मैं मेघालय पुलिस से जांच पूरी करने की अपील करता हूं। अगर सोनम दोषी है, तो उसे भी फांसी मिलनी चाहिए।"
खुलासा
सोनम की मां को उसके संबंधों की जानकारी थी- विपिन
इधर, राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि सोनम की मां ने उनके परिवार से जानकारी छिपाई थी और वह राज कुशवाह और सोनम के बीच कथित संबंध के बारे में भी जानती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम पुलिस को गुमराह कर रही है। मुख्य आरोपी सोनम ही है। उसकी चैट सामने आई है। वह शादी के अगले दिन ही राजा को मारना चाहती थी, लेकिन राजा के परिवार के साथ होने से उसकी योजना सफल नहीं हुई।
राखी
राज कुशवाहा ने सोनम से बंधवाई थी राखी
न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, मामले में गिरफ्तार राज दोस्त राहुल राजपूत ने चौंकाने वाली जानकारी दी है। उसने कहा कि राज तो सोनम को दीदी बोलता था। वह 1-2 बार उससे राखी भी बंधवाने आ चुका है। उन्हें ऐसा भरोसा नहीं कि वो ऐसा काम कर सकता है।
इसी तरह राज की बहन का कहना है कि राज को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। वह ऐसा बिल्कुल नहीं कर सकता है। वह सोनम को दीदी कहता था।
घटना
क्या है पूरा मामला?
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा की शादी सोनम से 11 मई को हुई थी। दोनों 20 मई को मेघालय हनीमून गए थे।
23 मई को शिलॉन्ग में राजा-सोनम की उनके परिवार से फोन पर बात हुई थी, इसके बाद फोन बंद हो गया। इसके बाद परिजन शिलॉन्ग पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
2 जून को राजा का शव खाई में मिला। सोनम 8 जून को गाजीपुर ढाबे में मिली। पुलिस ने 4 को हिरासत में लिया है।