चक्रवात 'अर्नब' का कहर, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 64 ट्रेनें रद्द, IMD का रेड अलर्ट
चक्रवात 'अर्नब' के कारण लोगों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ा है। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर के लिए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 64 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें से ज्यादातर ट्रेनें तटीय इलाकों में चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें हैं। इसके अलावा, ओडिशा को जोड़ने वाली कई एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनें भी इस सूची में शामिल हैं। यह फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि इस क्षेत्र में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
चक्रवात 'अर्नब' विशाखापट्टनम के पास से गुजरेगा
जो ट्रेनें रद्द की गई हैं, उनमें फलकनुमा सुपरफास्ट और न्यू विशाखा एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं। विजयवाड़ा-राजमुंदरी और नरसपुर-विजयवाड़ा जैसे मार्गों पर चलने वाली ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह चक्रवात गुरुवार को विशाखापट्टनम के पास से गुजरेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। IMD ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगर आप यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो रेलवे की आधिकारिक अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।