अब साढ़े 3 घंटे में पूरा होगा दिल्ली-वाराणसी का सफर, रेल मंत्री ने किया बुलेट ट्रेन का ऐलान
यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली और वाराणसी के बीच एक नया बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव है। इस कॉरिडोर के बन जाने के बाद दिल्ली से वाराणसी का सफर सिर्फ 3 घंटे 33 मिनट में पूरा हो जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस नई योजना का ऐलान किया है। यह 'नॉर्दन कॉरिडोर' प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसका मुख्य मकसद लखनऊ, कानपुर, आगरा और पटना जैसे बड़े शहरों के बीच यात्रा के समय को बहुत कम करना है। इसके साथ ही काशी रेलवे स्टेशन को भी बेहतर बनाने की तैयारी है, जिससे वहां यात्रियों को आने-जाने में और सुविधा मिलेगी।
नॉर्दन कॉरिडोर से शहरों के बीच सफर का समय होगा कम
नॉर्दन कॉरिडोर से शहरों के बीच सफर का समय काफी घट जाएगा। उदाहरण के तौर पर दिल्ली से कानपुर सिर्फ 1 घंटे 45 मिनट में पहुंचा जा सकेगा, वहीं आगरा का सफर तो 1 घंटे से भी कम का हो जाएगा। लखनऊ के लिए भी 2 घंटे से कुछ ही ज्यादा वक्त लगेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें भी चलाई जाएंगी, जिनसे रात की यात्राएं और भी आरामदायक हो सकेंगी। काशी स्टेशन, जो काशी विश्वनाथ मंदिर से लगभग 2 किलोमीटर दूर है। एक बहुत बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनने वाला है। इससे न केवल लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि इलाके में पर्यटन को भी एक नई गति मिलेगी।