चेन्नई के पब्लिशर आर मोहन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी लाइब्रेरियों में AI से तैयार की गई ऐसी किताबें भेजीं, जिन पर फर्जी लेखकों के नाम लिखे थे।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब लेखक पेरुमल मुरुगन ने कोयंबटूर की एक लाइब्रेरी में कुछ संदिग्ध किताबें देखीं। इन किताबों को देखकर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर लाइब्रेरियों में कौन सी सामग्री पहुंचाई जा रही है।
DVAC ने किताब खरीद में साजिश का खुलासा किया
सतर्कता एवं भ्रष्टाचार-विरोधी निदेशालय (DVAC) की जांच में किताबों की खरीद में एक बड़ी साजिश और जालसाजी का खुलासा हुआ है। इसके बाद जब दूसरी लाइब्रेरियों और एक प्रिंटिंग प्रेस पर छापा मारा गया, तो वहां भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। इन गड़बड़ियों के सामने आने के बाद तमिलनाडु सरकार ने राज्य की सभी सार्वजनिक लाइब्रेरियों के ऑडिट का आदेश दे दिया है।