पंजाब के कॉलेज के छात्र ने छात्रा को गोली मारी, फिर कर ली आत्महत्या
क्या है खबर?
पंजाब के तरन तारन जिले में सोमवार को चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के लॉ कॉलेज में एक छात्र ने एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर खुद भी उसी हथियार से आत्महत्या कर ली। दोनों उस्मा गांव में स्थित लॉ कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र थे। आरोपी छात्र अभिराज सिंह उर्फ प्रिंस राज (21) ने सहपाठी संदीप कौर (20) पर कक्षा में गोली चलाई है। कौर की मौके पर ही मौत हो गई।
गोलीबारी
हत्या के कारणों का पता नहीं
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज सोमवार को कक्षा शुरू होने से पहले आया था और उसने सवा 9 बजे कौर के सिर में पिस्तौल से गोली मार दी। फिर उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। हत्या का वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया है, जो कक्षा में लगे CCTV कैमरे का है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। घटना के समय कक्षा में कई छात्र मौजूद थे।
शक
वैलेंटाइन वीक पर जवाब न देने पर हत्या?
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला एकतरफा प्यार का लग रहा है। छात्र अभिराज ने वैलेंटाइन वीक के दौरान छात्रा को प्रपोज किया था, जिसका जवाब न देने पर और इनकार करने पर छात्र ने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि छात्र पिस्तौल कहां से और कैसे लेकर आया, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल, पूरे परिसर को सील कर दिया गया है। छात्रा के परिजन को सूचना दी गई है, वे स्कूल पहुंचे हैं।
जांच
छात्रा की 6 बहनें और एक भाई
छात्रा की हरजिंदर कौर ने मीडिया को बताया कि कॉलेज प्रशासन ने उनको सूचना दी थी कि उनकी बेटी का छोटा सा झगड़ा हो गया है, जिसमें वह घायल है और यहां आकर देखा तो उसका शव पड़ा हुआ था। हरजिंदर ने बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और उनकी 7 बेटियां और 1 बेटा है। उनको भी अभिराज और संदीप के विषय में ज्यादा जानकारी नहीं है। पुलिस छात्रों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।