पंजाब में महिलाओं को सरकार का तोहफा, 97 प्रतिशत के खातों में 1,262 करोड़ रुपये जारी
पंजाब की महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। राज्य सरकार ने 'मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना' के तहत 36.87 लाख महिलाओं के खातों में 1,262.54 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह रकम अक्टूबर से दिसंबर महीने तक के लिए दी गई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इस योजना के तहत 2,562.33 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। 1 जुलाई से शुरू की गई इस योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
पंजाब की योजना से 97 प्रतिशत महिलाओं को मिल रहा लाभ
इस योजना के दायरे में पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिला आबादी को लाया जा रहा है। इसका मतलब है कि राज्य की करीब-करीब हर महिला को इस योजना का लाभ मिलेगा। 1 जुलाई को योजना शुरू होने के बाद से अब तक माताओं और बेटियों के बैंक खातों में सीधे 3,824.87 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री मान ने इस मौके पर कहा कि अगर सरकार में बदलाव होता है, तो ऐसी सहायता योजनाओं के बंद होने का खतरा पैदा हो सकता है।