पंजाब के विश्वविद्यालय में सामूहिक बलात्कार की कथित घटना के बाद हंगामा, छात्रों ने तोड़फोड़-आगजनी की
क्या है खबर?
पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में एक छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार की कथित घटना सामने आने के बाद खूब हंगामा हुआ। गुस्साए छात्रों ने विश्वविद्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें भड़के हुए छात्र परिसर में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, पुलिस या विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना
रात 2 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन विश्वविद्यालय परिसर में स्थित गर्ल्स हॉस्टल के पास रात करीब 2 बजे शुरू हुआ। धीरे-धीरे बाकी हॉस्टल के छात्र भी इसमें शामिल होते गए और प्रदर्शन हिंसक हो गया।
इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से लेकर पूरे परिसर की संपत्तियों को जमकर नुकसान पहुंचाया। सुबह करीब 5 बजे छात्र चंडीगढ़ अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी धरने पर बैठ गए और रास्ता बंद कर दिया।
आरोप
क्या है बलात्कार की कथित घटना?
छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ कुछ लोगों ने परिसर में ही सामूहिक बलात्कार किया है। सोशल मीडिया पर किए गए दावों में इस मामले में विश्वविद्यालय के ही कुछ कर्मचारियों का नाम सामने आ रहा है।
इंडियन एक्सप्रेस से एक छात्र ने कहा, "एक छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न की जानकारी छात्रों के बीच फैलने के बाद विरोध शुरू हो गया। घटना के अलग-अलग पक्ष छात्रों के बीच फैल रहे हैं।"
प्रशासन
विश्वविद्यालय प्रशासन बोले- आरोप निराधार और मनगढ़ंत
LPU की रजिस्ट्रार डॉक्टर मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों को झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है।
उन्होंने कहा, "विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए पूरी तरह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं। इससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो रहा है और विश्वविद्यालय के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।"
पुलिस
पुलिस बोली- कोई शिकायत नहीं मिली
SSP गौरव तूरा ने कहा, "4-5 दिन कृषि विभाग के पास एक लड़की ने आत्महत्या कर ली थी। कुछ छात्रों का दावा है कि एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली, जबकि कुछ का कहना है कि छात्रा के साथ बलात्कार हुआ। हमारे पास उस लड़की के बारे में कोई शिकायत नहीं है। अभी तक हमें घटना की पुष्टि करने वाला कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है और न ही हमें कोई शिकायत प्राप्त हुई है।"