मलेशिया से दिल्ली लाए गए बंबीहा गैंग के 3 सदस्य, ISI कनेक्शन पर बड़ा खुलासा
पंजाब पुलिस ने दाविंदर बंबीहा गैंग के 3 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों को मलेशिया से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, इनके नाम जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह हैं। फिलहाल, ये पंजाब पुलिस की हिरासत में हैं और पुलिस उनसे हत्या तथा रंगदारी जैसे कई गंभीर आपराधिक मामलों में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।
ग्रेनेड साजिश और ISI संबंधों की हो रही जांच
जांच अधिकारियों के मुताबिक, ये तीनों कई बड़े आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। इनमें पिछले साल लुधियाना में ग्रेनेड हमले की एक साजिश भी शामिल है, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया था।
इसके अलावा, साल 2025 में हुई यदविंदर सिंह की हत्या में भी इनका नाम सामने आया है। पुलिस अब पाकिस्तान की ISI से इनके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई सीमा पार से होने वाले संगठित अपराध पर लगाम कसने के बड़े अभियान का एक हिस्सा है।