पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए SBS नगर में इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) समर्थित खालिस्तान आतंकी समूह से जुड़े 2 लोगों को गिरफ्तार कर राज्य पर मंडरा रहे एक बड़े खतरे को टाल दिया है। पुलिस अधिकारियों ने इन दोनों मुख्य गुर्गों को SBS नगर में गांव चक माई दास गेट के पास बेहरम-फगवाड़ा रोड से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस जैसे हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि ये दोनों राज्य में अशांति फैलाने के मकसद से बड़े हमले की फिराक में थे।
दिनेश कुमार और मैरी महाजन को रोका गया
पुलिस ने जिन संदिग्धों को पकड़ा है, उनकी पहचान दिनेश कुमार उर्फ सौरभ और मैरी महाजन के तौर पर हुई है। इन दोनों को विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर हथियारों की एक खेप हासिल करने के बाद SBS नगर में गांव चक माई दास गेट के पास बेहरम-फगवाड़ा रोड पर रोका गया था। कई पुलिस एजेंसियों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।