Loading...
पंजाब के लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय में हिंसक प्रदर्शन के बाद 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित
पंजाब के लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय में हिंसक प्रदर्शन के बाद 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित

पंजाब के लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय में हिंसक प्रदर्शन के बाद 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित

लेखन गजेंद्र
Sep 28, 2026
09:07 am

क्या है खबर?

पंजाब के फागवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय (LPU) में एक छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न की खबरों के बाद बिगड़े हालात को देखते हुए सभी कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं निलंबित की है। LPU ने बताया कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय प्रबंधन प्रणाली (UMS) के जरिए छात्रों को सूचित किया जाएगा। साथ ही, विश्वविद्यालय ने अपनी मध्यावधि परीक्षाएं भी अगली सूचना तक स्थगित कर दी हैं।

कक्षा

छात्रों को 10 दिनों के लिए घर जाने की अनुमति

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को परिसर में शांति बनाए रखने और आधिकारिक निर्देश का पालन करने को कहा है।

उसने छात्रों को अपने माता-पिता से परामर्श करके 10 दिनों के लिए अपने-अपने घर जाने की अनुमति दी है।

प्रशासन ने कहा कि जो लोग परिसर में ही रहना चाहते हैं, उन्हें सलाह है कि वे अपने छात्रावासों या निवास स्थानों के अंदर ही रहें, अनावश्यक आवाजाही से बचें और अशांति से संबंधित किसी भी गतिविधि से दूर रहें।

विवाद

क्या है मामला?

विश्वविद्यालय परिसर में 27 सितंबर की रात LPU के महिला छात्रावास-3 को लेकर खबर फैली की यहां रहने वाली छात्रा के साथ कुछ बाहरी लोगों ने रेप किया है, जिसके बाद छात्रा ने आत्महत्या कर ली।

विश्वविद्यालय प्रशासन पर घटना को दबाने का आरोप लगा, जिसके बाद छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और प्रदर्शन शुरू हो गए।

रविवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया और पुलिस-छात्रों के बीच झड़प हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 अवरुद्ध कर दिया और वाहनों को आग लगाई गई।

ADVERTISEMENT

बयान

विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना को अफवाह बताया

LPU ने अपने परिसर में बलात्कार की घटना होने से इनकार किया है और आरोपों को अफवाह बताया है।

रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने के लिए असामाजिक तत्वों द्वारा "झूठे, निराधार और मनगढ़ंत" आरोप फैलाए जा रहे हैं।

वहीं, पुलिस ने मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

ADVERTISEMENT