पंजाब: LPU विश्वविद्यालय में हिंसक हुआ प्रदर्शन, उग्र छात्रों ने पुलिस वाहनों को लगाई आग
क्या है खबर?
पंजाब के फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय (LPU) परिसर में एक छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न की खबरों को लेकर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रविवार शाम को और हिंसक हो गया। घटना के विरोध में जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर बैठे प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच शाम को झड़प हो गई। इस दौरान छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया और 3 वाहनों को आग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
हिंसा
ऐसे भड़की हिंसा
मामले में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने तड़क पहले तो विश्वविद्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें भड़के हुए छात्र परिसर में तोड़फोड़ करते नजर आए।
उसके बाद उन्होंने जालंधर-फगवाड़ा हाईवे जाम कर दिया। शाम को छात्रों की पुलिस से झड़प हो गई।
इसके बाद छात्रों ने पुलिस पर शीशे के बोतलें फेंकने के साथ पथराव कर दिया, जिससे हिंसा भड़क गई।
आग
छात्रों ने पुलिस वाहनों को लगाई आग
छात्रों के उग्र होने के बाद पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज कर आंसू गैस के गोले भी छोड़ दिए। इसके बाद छात्रों ने पथराव करते हुए 3 पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
ऐसे में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर छात्रों को खदेड़ा गया। इसके बाद छात्रों के एक गुट ने दिल्ली-अमृतसर हाईवे को भी जाम कर दिया।
इसी तरह विश्वविद्यालय परिसर में भी धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
#WATCH | Phagwara, Punjab: Students protesting outside Lovely Professional University clashed with police and set vehicles on fire.
— ANI (@ANI) September 27, 2026
As per Dean of LPU Sorabh Lakhanpal, "When the students brought this matter to our attention, we decided it needed to be treated seriously.… pic.twitter.com/S1A31nkbZk
जानकारी
पुलिसकर्मी और पत्रकार घायल
इस हिंसक टकराव और पथराव में कई पुलिस अधिकारी, सुरक्षाकर्मी और पत्रकार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि, अब पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागकर स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
कार्रवाई
पुलिस ने मामले में क्या की कार्रवाई?
शुरुआत में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली थी, लेकिन छात्रों के भारी आक्रोश को देखते हुए जालंधर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) नवीन सिंगला ने त्वरित कार्रवाई की।
उन्होंने छात्रों के बयान और उनकी मांगों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (बलात्कार) के तहत अज्ञात संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसी तरह पुलिस पर पथराव करने के मामले में भी अज्ञात छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
सख्ती
तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों पर भी सख्ती
कपूरथला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) गौरव तूरा के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर और सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पुलिस उन उपद्रवियों और बाहरी तत्वों की भी पहचान कर रही है जिन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच घुसकर पुलिस वाहनों को आग लगाई और तोड़फोड़ करते हुए हिंसा को जन्म दिया।
पुलिस दंगाइयों के खिलाफ दंगा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अलग से धाराएं लगाई जा रही हैं।
जांच
पुलिस ने किया SIT का गठन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इस टीम की कमान फगवाड़ा के पुलिस अधीक्षक (SP) मेजर सिंह को सौंपी गई है।
पारदर्शिता के लिए SIT में 5 छात्र प्रतिनिधियों को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
सबसे पहले विश्वविद्यालय परिसर के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसी तरह अफवाह फैलाने वाले व्हाट्सऐप ग्रुप का भी पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन
विश्वविद्यालय प्रशासन बोले- आरोप निराधार और मनगढ़ंत
LPU की रजिस्ट्रार डॉक्टर मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों को झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया है।
उन्होंने कहा, "विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए पूरी तरह झूठी, निराधार और मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं। इससे छात्रों के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा हो रहा है और विश्वविद्यालय के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
#WATCH | Phagwara, Punjab: Visuals from outside Lovely Professional University, where the protest by students turned violent.
— ANI (@ANI) September 27, 2026
Students clashed with police and set vehicles on fire. https://t.co/ErVJk1Dryj pic.twitter.com/kTU76p703b