Page Loader
दिल्ली कूच की तैयारी, 101 किसानों का समूह 21 जनवरी को शंभू बॉर्डर से आगे बढ़ेगा
किसानों का समूह 21 जनवरी को दिल्ली कूच करेगा (फाइल तस्वीर)

दिल्ली कूच की तैयारी, 101 किसानों का समूह 21 जनवरी को शंभू बॉर्डर से आगे बढ़ेगा

लेखन गजेंद्र
Jan 16, 2025
02:44 pm

क्या है खबर?

न्यूनतन समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर किसानों का समूह एक बार दिल्ली की ओर कूच करेगा। यह जानकारी किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने दी। उन्होंने गुरुवार को बताया कि 21 जनवरी को 101 किसानों का एक समूह शंभू बॉर्डर बिंदु से दिल्ली के लिए मार्च शुरू करेगा, ताकि केंद्र सरकार पर मांगों को स्वीकार करने का दबाव बनाया जा सके। यह फैसला संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और किसान मजदूर मोर्चा (KMM) ने लिया है।

किसान

15 जनवरी को 111 किसानों ने शुरू किया है आमरण अनशन

पंधेर ने बताया कि केंद्र सरकार किसानों की मांग मानने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं है, ऐसे में किसान दिल्ली कूच करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल पिछले डेढ़ महीने से आमरण अनशन पर बैठे हैं, ऐसे में उनको समर्थन देने के लिए 111 किसानों के समूह ने भी 15 जनवरी से खनौरी बॉर्डर पर अनशन शुरू किया है। दल्लेवाल के आमरण अनशन को गुरुवार को 52 दिन हो गए हैं।

कोशिश 

किसान 3 बार कर चुके हैं दिल्ली में प्रवेश की असफल कोशिश

आंदोलनरत किसानों ने इससे पहले 3 बार दिल्ली में प्रवेश की कोशिश की थी, लेकिन हरियाणा पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी और बल प्रयोग कर रोका। किसानों का 101 लोगों का समूह 6 दिसंबर, 8 दिसंबर और 14 दिसंबर को शंभू बॉर्डर से दिल्ली की ओर बढ़ा था। पंधेर ने बताया कि दोनों संगठनों ने मिलकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है। किसान शांत नहीं बैठेंगे। वे पैदल मार्च करेंगे।

जानकारी

दल्लेवाल के अनशन की परवाह नहीं

SKM के संयोजक दल्लेवाल 26 नवंबर से पंजाब-हरियाणा के खनौरी बॉर्डर पर आमरण अनशन कर रहे हैं। डॉक्टरों ने उनकी तबीयत नाजुक और शरीर के अंगों के फेल होने का खतरा बताया है। दूसरी तरफ, हरियाणा पुलिस ने बॉर्डर पर अपनी सुरक्षा बढ़ा दी है।