LOADING...
पंजाब में पहला गैंगस्टर विरोधी कार्य बल थाना बनाने की मंजूरी, पटियाला में खुलेगा
पंजाब के पटियाला में पहला गैंगस्टर विरोधी कार्य बल थाना खोला गया (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पंजाब में पहला गैंगस्टर विरोधी कार्य बल थाना बनाने की मंजूरी, पटियाला में खुलेगा

लेखन गजेंद्र
Feb 13, 2026
03:00 pm

क्या है खबर?

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने पहला गैंगस्टर विरोधी कार्य बल पुलिस थाना खोलने की मंजूरी दे दी है। इसे पटियाला जिले के राजपुरा में स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में 10 फरवरी को पंजाब सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक, यह नया पुलिस स्टेशन पंजाब भर में संचालित होगा, जबकि नियमित पुलिस स्टेशनों का क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र सीमित होता है।

थाना

गैंगस्टर विरोधी थाना बनाने का क्या है उद्देश्य?

पंजाब सरकार की ओर से 'ऑपरेशन प्रहार' चलाया जा रहा है, जिसके तहत गैंगस्टरों के नेटवर्क और उनके सहयोगियों को निशाना बनाते हुए राज्यव्यापी छापेमारी और गिरफ्तारियां हो रही हैं। अभी तक सरकार ने इस अभियान के 2 चरण पूरे कर लिए हैं और आगे इसे और गहन बनाने की तैयारी है। गैंगस्टर विरोधी कार्य बल थाने से गैंगस्टर के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिलेगी। साथ ही संगठित अपराध के खिलाफ समन्वित कार्रवाई भी तेज होगी।

आतंक

पंजाब में 2026 गुंडो के खिलाफ वर्ष घोषित

पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने वर्ष 2026 को पंजाब में 'गुंडो के खिलाफ वर्ष' घोषित किया है। इसमें संगठित अपराध को सक्षम बनाने वाले संपूर्ण तंत्र को नष्ट करने पर जोर है, जिसके तहत वित्तपोषक, हथियार आपूर्तिकर्ता और छुटकारे मुहैया कराने वाले शामिल हैं। पुलिस ने अभियान के तहत एक प्रवासी भगोड़ा ट्रैकिंग और प्रत्यर्पण प्रकोष्ठ की भी स्थापना की है। उसने नागरिकों से गुमनाम सूचना प्राप्त करने के लिए एक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन (93946-93946) शुरू की है।

Advertisement

चरम

पंजाब में गैंगस्टर चरम पर

पंजाब में गैंगस्टर से जुड़ी वारदातें चरम पर पहुंच गई हैं। यहां हाल में कई नेताओं और खिलाड़ियों की हत्याओं ने दहशत पैदा की है। अभी हाल में AAP नेता लकी ओबरॉय की हत्या हुई है। यहां विदेश से चलने वाले गैंगस्टर अवैध वसूली और हत्याओं में शामिल है, जिसमें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बरार, रोहित गोदरा जैसे लोग हैं। वर्ष 2023-2025 में 569 FIR गैंगस्टर धमकियों पर दर्ज हुईं।

Advertisement