Page Loader
पुणे: तांत्रिक की सलाह पर पत्नी को खुली जगह पर नग्न नहाने के लिए किया मजबूर
पुणे में बेटे को जन्म देने की रस्म बताकर पत्नी को खुली जगह नहाने को किया मजबूर

पुणे: तांत्रिक की सलाह पर पत्नी को खुली जगह पर नग्न नहाने के लिए किया मजबूर

लेखन गौसिया
Aug 23, 2022
06:04 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के पुणे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने खुले में नग्न नहाने के लिए मजबूर किया। पति और ससुराल वालों ने एक लड़का पाने के लिए तांत्रिक से सलाह ली थी, जिस पर तांत्रिक ने कहा था कि महिला को रायगढ़ जिले के एक झरने में सबके सामने खुले में नहाना होगा। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला

कई बार काले जादू से गुजर चुकी थी महिला

पुलिस ने बताया कि दंपति के बच्चे नहीं थे। ऐसे में मौलाना बाबा जमादार नाम के तांत्रिक की सलाह पर महिला को रायगढ़ जिले के एक झरने पर ले जाया गया और सबके सामने नग्न नहाने के लिए मजबूर किया गया। तांत्रिक ने यह सारी प्रक्रिया गर्भ धारण करने के लिए कराई थी। महिला का कहना है कि कई मौकों पर वह काले जादू की रस्मों से गुजर चुकी है।

आरोप

महिला 10 साल से झेल रही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना

पुलिस के अनुसार, महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए और बच्चे को जन्म नहीं देने के लिए 2013 से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने बताया कि उसके पति ने उसके सोने के गहने बेचे और उसके माता-पिता द्वारा दी गई संपत्ति को बैंक में गिरवी रखकर 75 लाख रुपये का कर्ज लिया। आरोप है कि कर्ज के लिए पति ने फर्जी हस्ताक्षर किए थे।

कार्रवाई

महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR

महिला की शिकायत के बाद तांत्रिक, पति और ससुराल पक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुणे के भारती विद्यापीठ के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 498 (पति या उसके रिश्तेदारों का महिला के साथ क्रूरता करना) और काले जादू की रोकथाम के लिए राज्य में लागू 2013 के कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।"

जानकारी

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने क्या बताया?

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जगन्नाथ कालस्कर ने बताया कि महिला ने 2013 में शहर के एक व्यवसायी से शादी की थी और इसके तुरंत बाद उसके साथ उत्पीड़न शुरू हो गया था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला का पति पिछले कुछ समय से कोल्हापुर के इस तांत्रिक के संपर्क में था। आरोपी पति ने व्यवसाय में लाभ के लिए भी तांत्रिक के साथ मिलकर कुछ अनुष्ठान किए थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

विज्ञान साबित कर चुका है कि बच्चे का लिंग मां पर नहीं, पिता के स्पर्म पर निर्भर करता है। बच्चे का लिंग क्या होगा, यह संयोग की बात है। 21वीं सदी में भी ऐसी रस्मों पर भरोसा करने वाले हैं, यह दुख की बात है।