पुणे में नशे में धुत पकड़ी गई महिला पुलिसकर्मी, किया गया निलंबित
देश
पुणे की एक महिला पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। वे मांजरी इलाके में नशे की हालत में गाड़ी चलाते और गलत साइड से आते हुए कैमरे में कैद हुई थीं। बताया जा रहा है कि उनकी गाड़ी पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। कालेपड़ल पुलिस थाने में तैनात इस 39 वर्षीय महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ अब FIR दर्ज की गई है और उन्हें निलंबित भी कर दिया गया है। इस घटना को वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
पुणे की अधिकारी ने कबूली शराब पीने की बात
वायरल हुए वीडियो में यह अधिकारी वर्दी पहने हुए ही शराब पीने की बात साफ-साफ कबूल करती दिख रही हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के वक्त वह ड्यूटी पर नहीं थीं और गाड़ी चलाने से पहले शायद दोस्तों के साथ कहीं बाहर गई थीं। इस मामले में एक FIR दर्ज कर ली गई है और अधिकारी आगे की जांच में जुटे हुए हैं।