
'ऑपरेशन सिंदूर' पर भड़काऊ टिप्पणी के मामले में पुणे की छात्रा गुरुग्राम से गिरफ्तार
क्या है खबर?
कोलकाता पुलिस ने पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में पुणे की एक विधि छात्रा को शुक्रवार देर रात हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
छात्रा ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद एक धर्म विशेष काे निशाना बनाते हुए अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी। उसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया था।
इसको लेकर एक व्यक्ति ने कोलकाता के एक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
अपराध
छात्रा ने एक धर्म विशेष को बनाया था निशाना
कोलकाता पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार छात्रा पुणे निवासी शर्मिष्ठा पनोली है। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद इंस्टग्राम पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने एक धर्म विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करते हुए अपमानजनक और आपत्तिनजक टिप्पणियां की थी।
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने बाद में अपना वीडियो हटा दिया था, लेकिन तब तक वह वायरल हो गया और लोगों में आक्रोश का कारण बन गया। इस मामले में उनके खिलाफ कोलकाता थाने शिकायत मिली थी।
कार्रवाई
पुलिस ने शर्मिष्ठा के खिलाफ इन धाराओं में दर्ज किया था मामला
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर शर्मिष्ठा के खिलाफ समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शर्मिष्ठा को नोटिस भेजने का प्रयास भी किया था, लेकिन वह घर पर नहीं मिली और जानबूझकर फरार हो गई। इसके बाद उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया था।
माफी
वीडियो को लेकर माफी भी मांग चुकी हैं शर्मिष्ठा
इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद शर्मिष्ठा ने अपना वीडियो हटाते हुए सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी।
उन्होंने एक्स पर लिखा था, 'मैं यहां बिना शर्त माफी मांगती हूं। जो कुछ भी लिखा गया है, वह मेरी निजी भावनाएं हैं और मैं जानबूझकर किसी को ठेस नहीं पहुंचाना चाहती थी। अगर किसी को ठेस पहुंची है, तो मुझे उसके लिए खेद है। अब से मैं अपने सार्वजनिक पोस्ट में सावधानी बरतूंगी। कृपया मेरी माफी स्वीकार करें।'