Page Loader
पुणे-दिल्ली उड़ान में महिला यात्री ने 2 सह-यात्रियों को पीटा, सुरक्षाकर्मी को दांत से काटा
पुणे-दिल्ली की इंडिगो उड़ान में महिला यात्री का हंगामा (प्रतीकात्मक तस्वीर: विकिमीडिया)

पुणे-दिल्ली उड़ान में महिला यात्री ने 2 सह-यात्रियों को पीटा, सुरक्षाकर्मी को दांत से काटा

लेखन गजेंद्र
Aug 19, 2024
09:57 am

क्या है खबर?

पुणे से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान में उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक महिला यात्री ने विमान में बैठे 2 सह-यात्रियों को पीट दिया और एक सुरक्षाकर्मी को दांत काट लिया। घटना शनिवार सुबह 7:45 बजे की है, जब इंडिगो का विमान पुणे के लोहेगांव हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। तभी महिला ने हंगामा किया। महिला और उसके पति को विमान से उतारकर पुणे पुलिस के हवाले किया गया।

हंगामा

क्या है पूरा मामला?

आरोपी महिला और उसका पति दिल्ली जाने के लिए विमान में चढ़े थे, तभी महिला का पास की सीट पर बैठे भाई-बहन से झगड़ा हो गया। महिला ने अपशब्द कहना शुरू किया तो भाई-बहन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद महिला ने उनको थप्पड़ और घूंसे मारे। हंगामा बढ़ने पर चालक दल के सदस्यों ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की प्रियंका रेड्डी और सोनिका पाल को बुलाया। महिला ने रेड्डी को थप्पड़ जड़ा और उसके हाथ को काट लिया।

जांच

पुलिस ने बताया- महिला अवसाद में थी

पायलट ने महिला के हिंसक होने के कारण उड़ान भरने से मना कर दिया, जिसके बाद दंपति को तुरंत विमान से उतारा गया और पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में पेश होने का नोटिस देकर दोनों को जाने दिया। पुलिस ने बताया कि महिला गृहणी हैं और उनके पति सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। महिला अपने किसी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में दिल्ली जा रही थीं, जिससे वह काफी अवसाद में थीं।